- कुर्की की तैयारी शुरू होते ही कोर्ट पहुंचे दो हत्या अभियुक्त
- हरसिद्धि में दो अलग-अलग हत्या कांडों के प्राथमिक अभियुक्तों ने किया आत्मसमर्पण, पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद बढ़ा दबाव
हरसिद्धि। हरसिद्धि थाना क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग हत्या कांडों में फरार चल रहे प्राथमिक अभियुक्तों पर पुलिस की कार्रवाई का दबाव आखिरकार असरदार साबित हुआ। न्यायालय से जारी प्रक्रिया के तहत कुर्की की कार्रवाई की तैयारी शुरू होने के बाद दोनों अभियुक्तों ने शनिवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी। इसी बीच कुर्की की कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों ने न्यायालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पहला मामला हरसिद्धि थाना कांड संख्या 372/25 से जुड़ा है। इस मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 109(1), 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज है। कांड में प्राथमिक अभियुक्त मनीष कुमार सिंह उर्फ अवनीश कुमार, पिता सेठ सिंह, निवासी कनछेदवा के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई कर रही थी। शनिवार को मनीष कुमार सिंह उर्फ अवनीश कुमार ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। दूसरा मामला हरसिद्धि थाना कांड संख्या 274/20 है। इस मामले में धारा 302/201 भादवि के तहत हत्या का केस दर्ज है। इसके प्राथमिक अभियुक्त सफीक मियां, पिता माजिद मियां, निवासी धवाही, थाना हरसिद्धि ने भी शनिवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध लंबे समय से कानूनी कार्रवाई चल रही थी और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस स्तर से प्रयास किए जा रहे थे।
कुर्की की तैयारी ने बढ़ाया दबाव
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय से जारी प्रक्रिया के तहत कुर्की की कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ने और कुर्की की स्थिति बनने के बीच दोनों अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस इसे फरार अभियुक्तों के विरुद्ध चलायी जा रही कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है। दोनों अभियुक्तों के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अब संबंधित मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गयी है। न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद दोनों अभियुक्तों के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय के आदेश और कानून के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। दो अलग-अलग हत्या कांडों में प्राथमिक अभियुक्तों के एक ही दिन न्यायालय में आत्मसमर्पण से हरसिद्धि पुलिस की कार्रवाई भी चर्चा में है। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और न्यायालय की प्रक्रिया के तहत अगली कार्रवाई की तैयारी चल रही थी। इसी बीच दोनों अभियुक्तों ने न्यायालय की शरण ली।
