- छौड़ादानो में राजीव कुमार ने संभाली थानेदारी, अपराध नियंत्रण और सीमावर्ती गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
छौड़ादानो। नवपदस्थापित थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने शनिवार को छौड़ादानो थाना का पदभार ग्रहण कर लिया. कार्यभार संभालते ही उन्होंने थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध की स्थिति, लंबित कांडों और विधि-व्यवस्था से जुड़ी अहम जानकारियां लीं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की संवेदनशील जगहों और अपराध से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हुए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया. पत्रकारों से बातचीत में थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी. इसके लिए पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि आम लोगों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है. लोगों से मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा. थानाध्यक्ष ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन को भी प्राथमिकता में शामिल किया है. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाने तथा गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देने की बात कही. लंबे समय से लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर भी थाना स्तर पर नियमित समीक्षा की जाएगी.
नेपाल सीमा से आने-जाने वालों पर रहेगी नजर
छौड़ादानो सीमावर्ती थाना क्षेत्र होने के कारण नेपाल से आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की बात थानाध्यक्ष ने कही. सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने के साथ ही सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस गश्त को प्रभावी बनाया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी.
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
नशा और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज करने की बात भी थानाध्यक्ष ने कही. उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस गश्त को मजबूत करने के साथ ही संदिग्ध ठिकानों और गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अपराध से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि समय पर मिलने वाली सूचना से पुलिस को अपराध रोकने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिलेगी. थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय कायम करना जरूरी है.
