छौड़ादानों में ससुराल जाने की तैयारी कर कमरे में गया विकास, दो घंटे बाद फंदे से लटका मिला शव

  • छौड़ादानों में ससुराल जाने की तैयारी कर कमरे में गया विकास, दो घंटे बाद फंदे से लटका मिला शव
  • दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन तो मचा कोहराम, एफएसएल ने घटनास्थल से जुटाये नमूने

 

छौड़ादानो। थाना क्षेत्र के गुलरिया गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गयी, जब 24 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान गुलरिया गांव निवासी वीरेंद्र पटेल के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गयी। परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, विकास की शादी करीब पांच महीने पहले अरेराज क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उसकी पत्नी फिलहाल मायके में थी। मंगलवार की सुबह विकास भी ससुराल जाने की तैयारी कर रहा था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। बताया जाता है कि कमरे में जाने के बाद उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और मोबाइल चलाने लगा। दोपहर करीब 12 बजे परिजनों ने विकास को आवाज लगायी। कई बार आवाज देने के बावजूद कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। पहले परिजनों ने इसे सामान्य स्थिति समझा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर चिंता बढ़ गयी। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने दरवाजा पीटना शुरू किया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ दिया गया।

अंदर का दृश्य देख परिजन रह गये स्तब्ध

दरवाजा टूटते ही कमरे के अंदर विकास का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गये। देखते ही देखते घर में चीख-पुकार मच गयी। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। अचानक हुई मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयीं। हालांकि, युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

एफएसएल टीम ने जुटाये नमूने

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की परिस्थितियों को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किये। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच करेगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रही है। युवक की शादी महज करीब पांच महीने पहले हुई थी और मंगलवार को उसके ससुराल जाने की तैयारी की बात सामने आ रही है। ऐसे में उसकी मौत की परिस्थितियां जांच का अहम बिंदु बनी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment