चोरी की बाइक का खेल! छौड़ादानो में दो बाइक बरामद, एक युवक गिरफ्तार

  • चोरी की बाइक का खेल! छौड़ादानो में दो बाइक बरामद, एक युवक गिरफ्तार

छौड़ादानो। स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को हीरमणि बाजार में छापेमारी कर चोरी की दो बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से इलाके में चोरी की बाइक के कारोबार को लेकर हड़कंप मच गया। गिरफ्तार युवक की पहचान हरपुर थाना क्षेत्र के उच्चिडीह गांव निवासी झूमन राय के पुत्र रुस्तम राय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रुस्तम राय हीरमणि बाजार में ही रह रहा था। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हीरमणि में एक व्यक्ति के पास चोरी की बाइक मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान रुस्तम राय के पास से एक स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई। पुलिस ने एचएचडी मशीन से बाइक की जांच की तो उसके रजिस्ट्रेशन नंबर और इंजन-चेसिस नंबर में अंतर पाया गया। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर एक और टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की गई। जांच में इस बाइक के इंजन और चेसिस नंबर भी रजिस्ट्रेशन नंबर से अलग पाए गए। पुलिस दोनों बाइक को जब्त कर युवक को थाने ले आई। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार रुस्तम राय को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद दोनों बाइकों के वास्तविक मालिकों और उनके चोरी होने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Comment