- मोतिहारी में यारा कृषि रिटेल मीट आयोजित, किसानों की आय बढ़ाने पर हुई चर्चा
मोतिहारी: जिला के बंजरिया स्थित एकता मैरेज पैलेस में आयोजित रिटेल मीट कृषि व्यवसाय, आधुनिक खेती और रिटेल नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रिटेलर, व्यवसायी और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन की अध्यक्षता काशीनाथ प्राइजेस के प्रोपराइटर एवं युवा व्यवसायी रितेश खण्डेलवाल ने की, जिनकी सक्रिय भूमिका, बेहतर समन्वय और प्रभावशाली नेतृत्व पूरे कार्यक्रम के दौरान चर्चा का केंद्र बना रहा। अपने संबोधन में रितेश खण्डेलवाल ने कहा कि आज खेती और कृषि व्यवसाय तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे समय में किसानों तक सही उत्पाद, सही जानकारी और आधुनिक तकनीक पहुंचाना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि दुकानदार केवल उत्पाद बेचने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे किसानों को जागरूक करने और उनकी खेती को लाभकारी बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने रिटेलर्स से किसानों के साथ मजबूत संबंध बनाने और उन्हें वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि संतुलित उर्वरक उपयोग, मिट्टी की सही देखभाल और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर ही उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सकती है। किसानों की आय में बढ़ोतरी के लिए खेती में बदलाव, नई सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वही किसान और व्यवसायी आगे बढ़ेंगे, जो नई तकनीकों और आधुनिक कृषि प्रबंधन को अपनाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद यारा कम्पनी के अधिकारियों ने दुकानदारों को कंपनी के विभिन्न उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक पोषण प्रबंधन और संतुलित खाद उपयोग से फसलों की गुणवत्ता बेहतर होती है, उत्पादन क्षमता बढ़ती है और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है। इस दौरान खेतों में यूरिया की कम मात्रा के साथ यारा के प्रोकोट जिंक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इससे फसलों को संतुलित पोषण मिलता है, मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर रहती है और उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि सही समय पर सही पोषण देने से किसानों की लागत कम होती है और आमदनी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। रिटेल मीट के दौरान खाद बदलाव, फसलों पर उर्वरकों के प्रभाव, मिट्टी संरक्षण, आधुनिक कृषि तकनीक और डिजिटल कृषि व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में वैज्ञानिक सलाह और डिजिटल तकनीकों का महत्व लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन और बाजार से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल रही है। कार्यक्रम में मौजूद दुकानदारों और व्यवसायियों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा कृषि क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और संभावनाओं पर खुलकर चर्चा की। कई रिटेलर्स ने कहा कि किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने और नई तकनीकों को गांव-गांव तक पहुंचाने में इस तरह के आयोजन बेहद उपयोगी साबित होते हैं।
मौके पर आदित्य अग्रवाल सहित यारा कम्पनी के कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कृषि व्यवसाय, उत्पाद उपलब्धता, बाजार की स्थिति और किसानों के हितों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। पूरे आयोजन के दौरान रितेश खण्डेलवाल का प्रभावशाली नेतृत्व, सकारात्मक सोच और व्यवसायिक दृष्टिकोण लोगों के बीच विशेष चर्चा का विषय बना रहा।
