- बिहार में बेलगाम चेन स्नैचर, विरोध करने पर मार रहे गोली… दरभंगा और पटना की घटनाओं ने बढ़ाई दहशत
पटना: बिहार में चेन स्नैचिंग अब महज चोरी की वारदात नहीं रह गई है, बल्कि यह खुलेआम हिंसक अपराध का रूप ले चुकी है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि विरोध करने या पकड़ने की कोशिश करने पर सीधे गोली चला दे रहे हैं। ताजा घटनाओं ने आम लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
दरभंगा में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति से अपराधियों ने चैन लूट ली। जब पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, तो अपराधी ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
उधर राजधानी पटना में भी ऐसी ही वारदात सामने आई। यहां एक शिक्षक से चैन छीनने की कोशिश का विरोध करना भारी पड़ गया। अपराधियों ने शिक्षक को गोली मार दी और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि चेन स्नैचर अब सिर्फ लूटपाट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जान लेने से भी नहीं हिचक रहे। लोगों का कहना है कि सुबह की सैर हो या बाजार जाना, अब हर जगह डर का माहौल है। पुलिस गश्त और अपराध नियंत्रण के दावों के बीच अपराधियों की यह दुस्साहसिक कार्रवाई आम जनता की सुरक्षा पर बड़ा सवाल बन गई है।