- मस्जिद के पास डीजे बना विवाद की चिंगारी, बारात में खूनी झड़प—14 गिरफ्तार, गांव में छावनी जैसा माहौल
बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले के पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मझरिया गांव में शादी समारोह के दौरान मस्जिद के पास डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग जख्मी हो गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और गांव में शांति व्यवस्था बहाल कर दी।
जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल की रात पूर्वी चंपारण जिला के रामगढ़वा प्रखंड के पलनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जैतापुर गांव से बारात मझरिया गांव पहुंची थी। रात करीब 9 बजे जब बारात मस्जिद के पास से गुजर रही थी, उसी दौरान डीजे और गाना बजाने को लेकर स्थानीय लोगों और बारात पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोनों पक्षों के लिखित आवेदन के आधार पर पुरुषोत्तमपुर थाना में कांड संख्या 53/26 और 54/26 दर्ज कर कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कांड संख्या 53/26 में गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद एहसान (पिता शेख अली आलम), सोहेब अख्तर (पिता स्वर्गीय शेख ज़मील अहमद), फरमान (पिता स्वर्गीय मुहम्मद गनीम), अंजार अहमद (पिता मोहम्मद हारून), नसीम अख्तर (पिता स्वर्गीय ज़मील अहमद), इरफान अहमद (पिता मोहम्मद हारून), इरफान आलम (पिता शेख अली आलम) सभी ग्राम मझरिया थाना पुरुषोत्तमपुर, अब्दुल मुनीम (पिता स्वर्गीय हैदर अली) ग्राम बलिरामपुर थाना पुरुषोत्तमपुर, गुलाब परवेज (पिता मोहम्मद वकील) ग्राम बेलदारी वार्ड संख्या 35 थाना मुफस्सिल बेतिया तथा जहांगीर शेख (पिता स्वर्गीय जलील शेख) ग्राम धमौरा थाना साठी शामिल हैं।
वहीं कांड संख्या 54/26 में गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण कुमार (पिता ललन कुशवाहा), बिट्टू कुमार (पिता ललन कुशवाहा), अंकित कुमार (पिता अंजनी महतो) तथा राजन कुमार (पिता सुगिंदर पासवान) सभी ग्राम मझरिया थाना पुरुषोत्तमपुर शामिल हैं।
फिलहाल मझरिया गांव में दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।