- पूर्णिया में 40 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार, निगरानी की बड़ी कार्रवाई
पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्णिया पूर्व अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी श्री लाल बाबू रजक को 40,000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में उनके साथ एक महिला सहयोगी श्रीमती रन्नी कुमुद को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के गुलाबबाग हांसदा निवासी शिकायतकर्ता सूरज सहनी (पिता- स्व. सौदागर सहनी) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि भूमि रोक से जुड़े मामले की जांच रिपोर्ट सौंपने के एवज में राजस्व कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया। पुलिस उपाधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में गठित धावा दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजस्व कर्मचारी लाल बाबू रजक को पूर्णिया पूर्व अंचल कार्यालय के अभिलेखागार से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इस दौरान सहयोगी के रूप में मौजूद श्रीमती रन्नी कुमुद को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें निगरानी के विशेष न्यायालय, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।