- मोतिहारी मंदिर से मुकुट चोरी, 24 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा, गलाने से पहले बरामद, दो गिरफ्तार!
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत झखरा स्थित महावीर मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने रिकॉर्ड समय में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। महज 24 घंटे के भीतर न सिर्फ चोरों तक पुलिस पहुंच गई, बल्कि भगवान हनुमान का चोरी हुआ चांदी का मुकुट भी बरामद कर लिया गया। इस पूरे मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
घटना 9 अप्रैल 2026 की है, जब महावीर मंदिर से हनुमान जी का चांदी का मुकुट चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली। धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए गोविंदगंज थाना में कांड संख्या-91/26 दर्ज किया गया और तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित इस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋतिक मिश्रा, पिता स्व. अमेरिका मिश्रा, निवासी जोगियार, थाना अरेराज को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तुरकौलिया बाजार स्थित श्रीपति आभूषण भंडार में छापेमारी कर चोरी गया चांदी का मुकुट (टूटा हुआ) बरामद कर लिया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी के बाद मुकुट को गलाने की तैयारी की जा रही थी, ताकि उसकी पहचान मिटाई जा सके। इसी कड़ी में पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में आभूषण व्यवसायी अरुण कुमार सोनी, पिता राजकिशोर प्रसाद, निवासी तुरकौलिया बाजार, थाना तुरकौलिया को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामान में चांदी का टूटा मुकुट, एक एल्यूमिनियम का कटोरा तथा एक मोबाइल फोन शामिल है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ऋतिक मिश्रा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में गोविंदगंज थाना में चोरी का मामला दर्ज है, जिससे यह साफ होता है कि वह पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इस कार्रवाई में अरेराज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजू कुमार मिश्रा, अवर निरीक्षक विरेंद्र कुमार पासवान, शैलेन्द्र पांडेय समेत पुलिस बल के कई जवान शामिल रहे, जिन्होंने लगातार छापेमारी कर इस मामले का त्वरित खुलासा किया।
पुलिस का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। संभावित गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और जल्द ही इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस त्वरित कार्रवाई से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्त संदेश दे दिया है कि आस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।