- हरसिद्धि में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, ससुराल पर हत्या का आरोप, घर छोड़कर फरार हुए आरोपी
पूर्वी चंपारण: हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घीवाढार पंचायत वार्ड नंबर-1 में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 25 वर्षीय नवविवाहिता रूपा देवी, पति सर्वेश सिंह, का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही हरसिद्धि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस को लोहे का गेट काटकर अंदर प्रवेश करना पड़ा। दरवाजा तोड़ने के बाद शव को बाहर निकाला गया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतका के मायके पक्ष ने इस घटना को पूरी तरह संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतका के पिता बटखरी तिवारी (ग्राम बीरवा, मझौलिया थाना क्षेत्र) और भाई शत्रुघ्न तिवारी ने बताया कि सुबह सर्वेश सिंह ने वीडियो कॉल कर उनकी बेटी की मौत की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला, जिससे शक और गहरा गया। परिजनों का आरोप है कि सर्वेश सिंह और उनके पिता बीरेंद्र सिंह ने मिलकर रूपा देवी की हत्या की और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। आरोप यह भी है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। बताया जाता है कि रूपा देवी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसे एक साल का मासूम पुत्र भी है। मृतका की मां अनीता देवी ने भी दामाद सर्वेश सिंह और ससुर बीरेंद्र सिंह पर सीधे तौर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
इस मामले में थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, जबकि गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं।