पटना में ‘खूनी खेल’! मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर गोलियों की बरसात, घर मे घुसकर कत्लाना हमला, 3 की हालत गंभीर

  • बिहार में ‘कानून पर हमला’! मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव,15 राउंड फायरिंग के बाद घर में घुसकर तलवार-लाठी से हमला, 3 की हालत गंभीर

पटना: बिहार की राजधानी एक बार फिर अपराधियों की गोलियों से गूंज उठी। राज्य के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर शुक्रवार देर रात ऐसा खौफनाक हमला हुआ, जिसने कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। हथियारों से लैस बदमाशों ने न सिर्फ ताबड़तोड़ करीब 15 राउंड फायरिंग की, बल्कि तलवार, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर पूरे परिवार को दहला दिया। इस खूनी वारदात में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह सनसनीखेज घटना मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर पूर्वी गली की है। देर रात जब लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। चश्मदीदों के मुताबिक, एक दर्जन से अधिक हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे और घर को चारों तरफ से घेर लिया। पहले बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू की, फिर दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए और अंदर मौजूद लोगों पर तलवार और लाठियों से बेरहमी से हमला कर दिया। कुछ ही मिनटों में शांत इलाका युद्ध के मैदान में बदल गया।

तीन की स्थिति गम्भीर, AIIMS में जिंदगी की जंग

इस हमले में पप्पू, मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। मनीष और नितीश को हालत नाजुक होने के कारण तुरंत AIIMS पटना रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं पप्पू को दानापुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

वीडियो में कैद हुआ ‘खौफ का लाइव सीन’

इस वारदात का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर खुलेआम फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। गोलियों की तड़तड़ाहट और लोगों की चीख-पुकार ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हमला पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। आरोपियों में मुकेश, दीपक और प्रिंस समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने मिलकर सुनियोजित तरीके से इस हमले को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था, जो अब खूनी संघर्ष में बदल गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। घटनास्थल से कई कारतूस के खोखे बरामद किए गए हैं, जो फायरिंग की भयावहता को दर्शाते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। इस हमले के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब मंत्री के रिश्तेदार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं? राजधानी पटना में भी लोग सुरक्षित नहीं? आखिर कब थमेगा यह खूनी खेल? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और दावा कर रही है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment