- 14 सेकंड का खौफनाक खेल: दौड़ती ट्रेन, फिसला कदम… और खत्म हो गई जिंदगी!
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के भोपाल रेलवे स्टेशन से एक ऐसा दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहां महज कुछ सेकंड की जल्दबाजी ने 25 साल के युवक की जिंदगी हमेशा के लिए छीन ली।
मंगलवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस छूट चुकी थी. लेकिन युवक ने हार नहीं मानी। वह दौड़ पड़ा—तेज रफ्तार पकड़ चुकी ट्रेन के पीछे, जिंदगी को दांव पर लगाकर। CCTV में कैद 14 सेकंड का यह मंजर किसी फिल्मी सीन से कम नहीं, लेकिन इसका अंत बेहद खौफनाक रहा। जैसे ही युवक ने कोच का हैंडल पकड़ने की कोशिश की एक जोरदार झटका लगा, संतुलन बिगड़ा और अगले ही पल वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के खतरनाक गैप में समा गया। देखते ही देखते वह ट्रेन के पहियों के नीचे खिंचता चला गया। आसपास मौजूद लोग चीखते रह गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर हालत में उसे तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। खून से लथपथ शरीर, कई जगहों पर गंभीर चोटें… डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन चार दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बिहार निवासी सिकंदर के रूप में हुई है। जीआरपी के मुताबिक, घटना 31 मार्च रात 11:31 बजे की है। उस वक्त ट्रेन करीब 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ चुकी थी—यानि एक छोटी सी चूक भी सीधे मौत को दावत देने के बराबर थी।
चेतावनी जो हर यात्री को समझनी होगी
रेलवे प्रशासन ने सख्त अपील की है—
- चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें।
- कुछ सेकंड बचाने की जल्दबाजी, पूरी जिंदगी खत्म कर सकती है।
एक सच्चाई जो झकझोर देती है।
प्लेटफॉर्म पर दौड़ता वो युवक शायद सिर्फ ट्रेन पकड़ना चाहता था. लेकिन उसे क्या पता था कि ये दौड़ उसकी जिंदगी की आखिरी दौड़ बन जाएगी। याद रखिए: ट्रेन छूट सकती है… लेकिन जिंदगी नहीं मिलती दोबारा।