- रिश्वतखोरी पर कार्रवाई: बेगूसराय से आपूर्ति पदाधिकारी समेत डीलर का दलाल रंगे हाथ गिरफ्तार
बेगूसराय। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। उनके साथ समसादु पंचायत के डीलर (दलाल) विद्या सागर को भी पकड़ा गया है। जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र कुमार मंसूरचक प्रखंड में पदस्थापित हैं और वर्तमान में भगवानपुर प्रखंड का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर लाभार्थी से काम कराने के एवज में 12,000 रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और दोनों को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और विभागीय स्तर पर भी मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।