महिला उत्पीड़न के आरोप में रक्सौल पीएचसी के डॉक्टर पर FIR दर्ज, उपाधीक्षक ने लगाए गंभीर आरोप
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण): रक्सौल पीएचसी में पदस्थापित चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन कुमार के खिलाफ महिला उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। रक्सौल अनुमंडल अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति स्वप्न ने उनके विरुद्ध आपत्तिजनक कृत्य एवं अनुचित स्पर्श का आरोप लगाते हुए मोतिहारी महिला थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आवेदन में डॉ. स्वाति स्वप्न ने आरोप लगाया है कि डॉ. राजीव रंजन कुमार द्वारा उनके साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से आहत हुई हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, आरोपित चिकित्सक डॉ. राजीव रंजन कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे निराधार और गलत बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।