- 10 हजार का इनाम, फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर! मोतिहारी का कुख्यात लक्की बना कानून के लिए चुनौती
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण पुलिस ने एक ऐसे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया है, जिसका नाम वर्षों से हत्या, रंगदारी, मारपीट, चोरी और उत्पाद कांड जैसे गंभीर मामलों में सामने आता रहा है। छतौनी थाना कांड संख्या 230/26 (उत्पाद कांड) के फरार अभियुक्त ओमप्रकाश प्रसाद के पुत्र लोकेश कुमार उर्फ लक्की पर मोतिहारी पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद जारी इस घोषणा ने जिले में एक बार फिर अपराध और अपराधियों पर बहस छेड़ दी है। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात द्वारा जारी सूचना के अनुसार लोकेश कुमार उर्फ लक्की छतौनी थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला, हनुमान मंदिर के समीप का निवासी है और लंबे समय से कानून की गिरफ्त से बाहर चल रहा है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आम जनता की मदद लेने का फैसला किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और गंभीर दिखाई देता है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से लेकर 2026 तक विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, हत्या, एससी-एसटी एक्ट, मारपीट, चोरी और उत्पाद अधिनियम के मामले शामिल हैं। यही वजह है कि पुलिस उसे जिले के सक्रिय अपराधियों में गिनती है। सूत्रों के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में हत्या और रंगदारी जैसे संगीन आरोप भी शामिल हैं, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गई है। लगातार कार्रवाई के बावजूद उसका फरार रहना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती माना जा रहा है। इस सम्बंध में एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी ताकि कोई भी व्यक्ति बिना किसी डर के पुलिस की मदद कर सके। अपराध नियंत्रण को लेकर मोतिहारी पुलिस इन दिनों लगातार अभियान चला रही है। हाल के महीनों में कई वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन कुछ शातिर अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। लोकेश कुमार उर्फ लक्की का नाम भी उन्हीं फरार अपराधियों की सूची में शामिल है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब जनता का सहयोग मांगा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून का राज कायम रखने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए फरार अभियुक्तों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 10 हजार के इनाम की घोषणा के बाद क्या पुलिस को कोई ऐसी सूचना मिलती है, जिससे इस कुख्यात आरोपी तक पहुंचा जा सके।
