मेले में खूनी टकराव के बाद युवक की चाकू घोंपकर हत्या, दो पुरुष समेत महिला आरोपी गिरफ्तार, हत्या का हथियार बरामद

  • मेले में खूनी टकराव के बाद युवक की चाकू घोंपकर हत्या, एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पुलिस का ताबड़तोड़ ऑपरेशन; दो पुरुष समेत महिला आरोपी गिरफ्तार, हत्या का हथियार बरामद

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र में मेले के दौरान हुए विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर हत्या कांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। मधुबन थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल अनुसंधान शुरू किया। पकड़ीदयाल एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और तकनीकी जांच तथा गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि 11 जून 2026 की रात मधुबन थाना अंतर्गत जोगौलिया टोला गुलाब खां गांव में आयोजित मेले के दौरान विवाद हुआ था। मेले में मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मधुबन थाना पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय किया। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुबन थाना क्षेत्र के जोगौलिया गांव निवासी सलिउल्लाह खान के पुत्र एकराम खां, महमूद आलम के पुत्र मंजर आलम और एकराम खान की पत्नी अंजुम आरा उर्फ गुड़िया खातून के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराध को अंजाम देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। मधुबन थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 223/26 दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में पूर्वी चंपारण पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment