- इश्क में हैवान बना प्रेमी, पटना में इंजीनियरिंग छात्रा का गला दबाकर कत्ल
पटना: राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग छात्रा की बेरहमी से हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस पर छात्रा भरोसा करती थी, वही उसका कातिल निकला। प्रेमी ने ही गुस्से में आकर उसका गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया।
राघोपुर गांव स्थित किराए के मकान से छात्रा का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंचे पश्चिमी पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें गला दबाकर हत्या और मारपीट की पुष्टि हुई।
जांच तेज होते ही पुलिस ने मृतका के करीबी युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि दोनों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था, जो आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गया।
घटना से एक दिन पहले कॉलेज के कार्यक्रम में फोटो खींचने को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। इसके बाद अगले दिन आरोपी लैपटॉप देने के बहाने छात्रा के कमरे पर पहुंचा। वहां फिर कहासुनी हुई और गुस्से में आकर उसने छात्रा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी युवक का छात्रा के कमरे पर अक्सर आना-जाना था। शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग में उपजे विवाद का खूनी अंजाम माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है।