प्रयागराज में दर्दनाक रेल हादसा, ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर 4 लोगों की मौत

  • प्रयागराज में दर्दनाक रेल हादसा, ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर 4 लोगों की मौत

प्रयागराज (उत्तर प्रदेश): जिले के यमुनानगर जोन अंतर्गत करछना क्षेत्र में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया, जिसमें ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की गति इतनी अधिक थी कि किसी को संभलने या बचने का मौका नहीं मिला और चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव क्षत-विक्षत हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, रेलवे पुलिस और करछना थाना की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही मृतकों की पहचान की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुआ, हालांकि घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन और जीआरपी की टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे के समय परिस्थितियां क्या थीं। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Comment