- PUBG खेल रहा था… दोस्त बोला ‘असली गेम दिखाता हूं’ और मार दी गोली!” कटिहार में खौफनाक वारदात
- गेम के विवाद में चली गोली, किशोर गंभीर; आरोपी फरार, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
कटिहार: जिले के बारसोई थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन गेम खेल रहे एक किशोर को उसके ही दोस्त ने गोली मार दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। कटिहार के बारसोई थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम को लेकर हुई गोलीबारी मामले में पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों दोस्तों के बीच गेम के दौरान विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। जानकारी के अनुसार, PUBG और Free Fire जैसे ऑनलाइन गेम खेलते समय जीत-हार और पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर कहा—“नकली गेम क्यों खेलते हो, चलो असली गेम खेलते हैं” और फिर गोली चला दी। गोली लगने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले बारसोई अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर कटिहार रेफर किया गया।पुलिस के मुताबिक आरोपी दोस्त वारदात के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं इस घटना ने ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते क्रेज और उससे जुड़े खतरनाक असर पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं परिजन सदमे में हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।