- दरपा थाना से भागा आरोपी गांव में दबोचा गया, होमगार्ड को घायल कर मचा दी थी खलबली
- पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद रातभर संभावित ठिकानों पर छापेमारी, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश; मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
छौड़ादानो। दरपा थाना पुलिस की अभिरक्षा से सोमवार की सुबह फरार हुआ युवक आखिरकार कुछ ही घंटों में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थाना परिसर में तैनात होमगार्ड जवान को घायल कर पुलिस अभिरक्षा से निकल भागे आरोपी को पुलिस ने सोमवार की देर रात उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी के थाना परिसर से पुलिस अभिरक्षा में फरार होने की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। बताया जाता है कि सोमवार की सुबह युवक दरपा थाना परिसर में पुलिस की अभिरक्षा में था। इसी दौरान उसने वहां तैनात होमगार्ड जवान को घायल कर दिया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। थाना परिसर से आरोपी के निकल भागने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। उसके रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पुलिस ने तलाश की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संभावित स्थानों को खंगाला। लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी के अपने गांव में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर घेराबंदी की और सोमवार की देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना परिसर से फरारी ने खड़े किये सवाल
पुलिस अभिरक्षा में मौजूद आरोपी के थाना परिसर से फरार होने और इस दौरान होमगार्ड जवान के घायल होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये। सबसे बड़ा सवाल यही रहा कि पुलिस की अभिरक्षा में रहने के बावजूद आरोपी थाना परिसर से आखिर कैसे निकल गया। हालांकि, पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अनीश कुमार ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी को पुनः गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
