रुपये दो, छोड़ देंगे! संग्रामपुर में गश्ती दल पर गंभीर आरोप, एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

  • संग्रामपुर में गश्ती दल पर रिश्वत मांगने का आरोप, चार पुलिसकर्मी निलंबित

मोतिहारी: संग्रामपुर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक व्यक्ति को छोड़ने के बदले रुपये मांगने के आरोप में एसपी स्वर्ण प्राभात ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच मोतिहारी की पुलिस उपाधीक्षक कुमारी प्रियंका ने की थी। जांच रिपोर्ट में गश्ती दल के पुलिसकर्मियों के आचरण को घोर अनुशासनहीनता, संदिग्ध व्यवहार और स्वेच्छाचारिता का परिचायक माना गया है। मामला नौ सितंबर की शाम का है। पुलिस के अनुसार, गश्ती के दौरान पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि ओमप्रकाश कुमार को कथित रूप से छोड़ने के बदले रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच करायी गयी। जांच में सामने आया कि गश्ती दल ने ओमप्रकाश कुमार के घर में प्रवेश कर तलाशी ली, लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद उन पर रुपये देने के लिए दबाव बनाए जाने की बात सामने आयी। जांच के दौरान गश्ती दल में शामिल पुलिसकर्मियों और चालक ने शिकायतकर्ता को पहचानने से इनकार किया, जबकि आसपास के लोगों से पूछताछ में घटना की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दौरान गश्ती दल ने इसकी सूचना थाना प्रभारी अथवा किसी वरीय पदाधिकारी को नहीं दी। मामले में गश्ती दल में शामिल पु०अ०नि०/17 देव मोहन सिंह, सिपाही/574 रवि रंजन कुमार, सिपाही/1932 अभय कुमार एवं म०सि०/2049 हेमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान कथित मनमानी और रुपये मांगने के आरोपों पर की गयी है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, संदिग्ध आचरण अथवा आम लोगों के साथ अनुचित व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्वी चंपारण में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब पुलिस की कार्यशैली और जवाबदेही को लेकर लगातार निगरानी बढ़ायी जा रही है। संग्रामपुर की कार्रवाई से यह संदेश देने की कोशिश की गयी है कि वर्दी की आड़ में कथित तौर पर मनमानी करने वाले कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई से परहेज नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment