राजस्व कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए एसडीओ, छौड़ादानो और आदापुर अंचल कार्यालयों में घंटों चला निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

  • राजस्व कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए एसडीओ, छौड़ादानो और आदापुर अंचल कार्यालयों में घंटों चला निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

छौड़ादानो/राजेश कुमार सिंह! आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से रक्सौल अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को छौड़ादानो एवं आदापुर अंचल कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयी व्यवस्था, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण तथा विभिन्न लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। एसडीओ के निरीक्षण से दोनों अंचल कार्यालयों में पूरे दिन प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं और कर्मियों में भी हलचल देखी गई। निरीक्षण की शुरुआत अंचल कार्यालयों में कार्यरत कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की जांच से हुई। एसडीओ ने उपस्थित कर्मियों का विवरण देखा और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने रोकड़-बही एवं सहायक रोकड़-बही के रख-रखाव की स्थिति का अवलोकन किया तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में अभिलेखों का सही संधारण प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की पहली शर्त है। राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान एसडीओ ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई-मापी, लगान निर्धारण, अभियान बसेरा, आधार सीडिंग, सीडब्लूजेसी एवं एमजेसी मामलों सहित जन शिकायत और जिला जनता दरबार से संबंधित लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पाया कि कई मामलों में निष्पादन की गति अपेक्षित स्तर पर नहीं है। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े अधिकांश मामले सीधे आम जनता के हितों से जुड़े होते हैं। ऐसे में किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित रखना लोगों की परेशानी बढ़ाने के समान है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लंबित मामलों के निपटारे में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। एसडीओ मनीष कुमार ने दोनों अंचलों के कर्मियों की सर्विस बुक और मूवमेंट रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा कार्यालयी अनुशासन का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही कर्मियों की कार्यप्रणाली और दायित्वों की भी समीक्षा की गई ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों को डिजिटाइज्ड करने की प्रक्रिया भी निरीक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों से डिजिटलीकरण की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों को समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज कर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि आवेदनों के निष्पादन की निगरानी भी आसान होगी। निरीक्षण के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई-मापी, लगान निर्धारण एवं अन्य राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। उन्होंने सभी कर्मियों को लंबित आवेदनों का अविलंब निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। एसडीओ के इस निरीक्षण को राजस्व प्रशासन में जवाबदेही बढ़ाने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान दोनों अंचलों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment