भारत-नेपाल सीमा से जाली नोट का अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार, STF और मिलिट्री इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई

  • भारत-नेपाल सीमा से जाली नोट का अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार, STF और मिलिट्री इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई

मोतिहारी: जिला में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। भारत-नेपाल सीमा पर जाली नोट के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े कुख्यात तस्कर दया शंकर तिवारी को मिलिट्री इंटेलिजेंस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी हरैया थाना कांड संख्या 23/26 में मुख्य वांटेड बताया जा रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार दया शंकर तिवारी लंबे समय से भारत-नेपाल सीमा के रास्ते जाली नोटों के बड़े नेटवर्क को संचालित कर रहा था। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी का कनेक्शन सिर्फ भारत और नेपाल तक सीमित नहीं था, बल्कि बांग्लादेश तक फैले अंतरराष्ट्रीय गिरोह से भी उसके तार जुड़े हुए हैं। उस पर भारत, नेपाल और बांग्लादेश में जाली नोट प्रिंट कर तस्करी करने का गंभीर आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी समय से सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर था। उसकी गतिविधियों पर मिलिट्री इंटेलिजेंस और एसटीएफ लगातार नजर बनाए हुए थी। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। सूत्रों के मुताबिक जाली नोटों का यह नेटवर्क सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से सक्रिय था और इसके जरिए बाजार में नकली भारतीय मुद्रा खपाई जा रही थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों और देशों तक फैले हुए हैं। दया शंकर तिवारी की गिरफ्तारी को सीमाई सुरक्षा और आर्थिक अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ के बाद कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Comment