हरसिद्धि में अवैध नर्सिंग होम और पैथोलॉजी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बस स्टैंड वसूली रैकेट का भी हुआ खुलासा

  • हरसिद्धि में अवैध नर्सिंग होम और पैथोलॉजी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बस स्टैंड वसूली रैकेट का भी हुआ खुलासा

 

हरसिद्धि: प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम एवं पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया है। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अंजली शर्मा द्वारा किया जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासनिक टीम सक्रिय हुई और क्षेत्र में संचालित कई संदिग्ध चिकित्सा प्रतिष्ठानों की जांच शुरू की गई।
इसी क्रम में हरसिद्धि–यादवपुर रोड स्थित थाना के समीप एक निजी क्लीनिक की जांच की गई, जो डॉ. अंसारी एवं डॉ. आर. चौधरी के नाम से संचालित बताया जाता है। जांच के दौरान मौके पर न तो कोई वैध चिकित्सक उपस्थित पाया गया और न ही क्लीनिक से संबंधित आवश्यक पंजीकरण, लाइसेंस अथवा मानक दस्तावेज उपलब्ध मिले। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैध अनुमति और योग्य चिकित्सक के संचालित सभी संस्थान तत्काल प्रभाव से बंद किए जाएं, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अंजली शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की आड़ में चल रहे अवैध नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटर जनस्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ कर रहे हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसी अभियान के दौरान हरसिद्धि बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के पास बस स्टैंड पर अवैध वसूली की शिकायत पर भी प्रशासन ने छापेमारी की। जांच में पाया गया कि यहां प्रति वाहन ₹30 की दर से अवैध वसूली की जा रही थी। मौके से ₹2300 नगद बरामद किए गए हैं। इस मामले में रसीद काटने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लगातार अवैध नर्सिंग होम और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई जारी है, लेकिन कुछ संचालक अभी भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इसी को देखते हुए एसडीएम अरेराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अभियान को और तेज किया गया है।
थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने जानकारी दी कि बस स्टैंड से अवैध वसूली करने वाले व्यक्ति की पहचान पानापुर निवासी उदय कुमार के रूप में हुई है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों और वसूली गिरोह में हड़कंप मच गया है तथा पूरे क्षेत्र में सघन जांच अभियान जारी है।

Leave a Comment