मोतिहारी में जनगणना-2027 में लापरवाही पर सख्ती, 30 पदाधिकारी-कर्मियों पर एक हजार रुपये अर्थदंड अधिरोपित

  • मोतिहारी में जनगणना-2027 में लापरवाही पर सख्ती, 30 पदाधिकारी-कर्मियों पर एक हजार रुपये अर्थदंड अधिरोपित

 

पूर्वी चंपारण: मोतिहारी में चल रहे जनगणना-2027 कार्य को लेकर प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर कड़ा रुख अपनाया है। जनगणना कार्य की प्रगति एवं निर्धारित समय सीमा में कार्य निष्पादन को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न स्तरों से लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं, ताकि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इसी क्रम में प्रधान सचिव-सह-राज्य नोडल पदाधिकारी जनगणना, पटना सी०के० अनिल (भा०प्र०से०) द्वारा जिले में कार्यरत 30 पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-11 के तहत शास्ति (अर्थदंड) अधिरोपित किया गया है। यह कार्रवाई कर्तव्यहीनता एवं कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण की गई है।
इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या-001744 (Revenue) 2026-27, दिनांक 23/04/2026 के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनगणना कार्य जैसे महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
ध्यातव्य है कि जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना का कार्य 17/04/2026 से 01/05/2026 तक निर्धारित है, जबकि प्रथम चरण में आवास सूचीकरण का कार्य 02/05/2026 से 31/05/2026 तक संचालित किया जाना है। यह संपूर्ण प्रक्रिया देश की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिले में इस कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं करने अथवा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने को कार्य में बाधा मानते हुए कर्तव्यहीनता के आरोप में संबंधित 30 पदाधिकारी/कर्मियों पर एक हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित करने का आदेश जिला दंडाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी द्वारा दिया गया है।
नोडल पदाधिकारी जनगणना कोषांग-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आदेश के आलोक में चिन्हित सभी पदाधिकारी/कर्मियों पर अर्थदंड अधिरोपित कर आवश्यक प्रतिवेदन उच्चाधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कर्मियों को निदेशालय के निर्देशानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

Leave a Comment