- मझौलिया थाना का एसपी द्वारा औचक निरीक्षण, अपहृत मोहम्मद अफसार की शीघ्र बरामदगी के दिए सख्त निर्देश
पश्चिम चंपारण (बेतिया): बुधवार को बेतिया एसपी डॉ सौर्य सुमन द्वारा मझौलिया थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण एवं लंबित कांडों के अनुसंधान की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनुसंधानकर्ताओं से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा अनुसंधान में तेजी लाने एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से मझौलिया थाना कांड संख्या 391/26, जिसमें गुमशुदा/अपहृत मोहम्मद अफसार का मामला दर्ज है, उसकी बरामदगी को लेकर गंभीर समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधानकर्ता, जिला तकनीकी शाखा के पदाधिकारियों एवं थाना स्तर के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए तथा अपहृत की अविलंब एवं सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने का सख्त आदेश दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए हर संभव तकनीकी एवं मानवीय प्रयास किए जाएं, ताकि शीघ्र परिणाम प्राप्त हो सके। साथ ही अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब नहीं होने देने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला तकनीकी शाखा के प्रभारी, प्रभारी थानाध्यक्ष मझौलिया थाना सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि बेतिया पुलिस कानून-व्यवस्था के संधारण, अपराध नियंत्रण एवं त्वरित अनुसंधान में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा जनसुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सक्रिय है।