- मोतिहारी में नशे का ‘नेटवर्क नेस्तनाबूद, नकरदेई में 4 तस्कर धराए, नेपाल कनेक्शन से मचा हड़कंप
रक्सौल। सीमावर्ती इलाके में नशे के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए नकरदेई थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने खुदिया टोला में छापेमारी कर स्मैक तस्करी के एक सक्रिय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 20 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, वहीं चार कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त दो बाइक भी जब्त कर ली गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के परसा निवासी निवासी धन बहादुर थापा के पुत्र राजेश थापा, नेपाल के बीरगंज निवासी रामविलास साह के पुत्र संदीप कुमार साह, नेपाल के बारा निवासी किशोरी महतो के पुत्र विक्रम महतो तथा रक्सौल काली मंदिर क्षेत्र निवासी शिवनारायण प्रसाद का पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर यह कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से स्मैक की पुड़िया बरामद हुई, जिसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी थी। जब्त की गई दोनों बाइक बिना वैध कागजात का इस्तेमाल नेपाल से भारत में स्मैक की सप्लाई के लिए किया जा रहा था।
पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से भारत-नेपाल सीमा का फायदा उठाकर नशे की तस्करी कर रहा था। रक्सौल और आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई चेन फैली हुई है। पुलिस को इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और बड़े सप्लायरों के बारे में अहम सुराग मिले हैं।
एसडीपीओ रक्सौल मनीष आंनद ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
फिलहाल इलाके में सघन जांच अभियान जारी है और सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।