- आरा जंक्शन पर टीटी की गुंडागर्दी! कैमरे में कैद गालीबाजी, रेल प्रशासन पर उठे बड़े सवाल
पटना/आरा: बिहार के आरा जंक्शन से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है, जिसने रेलवे व्यवस्था की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों में शामिल आरा जंक्शन, जो राजस्व के मामले में पटना जंक्शन के बाद दूसरे स्थान पर आता है, वहां एक टीटी का यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार कैमरे में कैद हुआ है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्टेशन परिसर के पोर्टिको के पास एक टीटी, पुलिस बल की मौजूदगी में ही एक यात्री को सरेआम गालियां दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान भी इस दौरान मूकदर्शक बने नजर आए। एक सरकारी कर्मचारी द्वारा इस तरह की भाषा और व्यवहार न केवल सेवा नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान पर भी सवाल खड़ा करता है।
बताया जा रहा है कि आरोपी टीटी कुंदन कुमार पहले भी अपने विवादित व्यवहार को लेकर चर्चा में रह चुका है। यात्रियों के अनुसार, उसका तबादला होने के बावजूद वह पिछले एक साल से यहीं पदस्थापित है और लगातार यात्रियों से दुर्व्यवहार करता रहा है। इस ताजा वीडियो ने एक बार फिर उसके रवैये को उजागर कर दिया है।
इस घटना के सामने आने के बाद भारतीय रेल के स्थानीय प्रबंधन पर कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर किस कारण से एक विवादित कर्मचारी को लंबे समय तक एक ही स्थान पर बनाए रखा गया? और क्यों बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई?
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दानापुर मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी सत्यता की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना को लेकर यात्रियों में भारी नाराजगी है और लोग तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजर रेल प्रशासन पर टिकी है कि वह इस गालीबाज टीटी पर कब और कैसी कार्रवाई करता है।