बिहार शादी में गैस के लिए अब ‘SDO परमिशन’ जरूरी! बिहार में LPG संकट गहराया, लाखों उपभोक्ता इंतजार में

  • बिहार शादी में गैस के लिए अब ‘SDO परमिशन’ जरूरी! बिहार में LPG संकट गहराया, लाखों उपभोक्ता इंतजार में

 

पटना: बिहार में एलपीजी गैस की गंभीर किल्लत के बीच सरकार ने शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब वैवाहिक कार्यक्रमों में उपयोग के लिए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर लेने के लिए संबंधित एसडीओ कार्यालय में आवेदन करना अनिवार्य कर दिया गया है। आवेदन के साथ शादी का निमंत्रण पत्र, मेहमानों की अनुमानित संख्या और आवश्यक सिलेंडरों का विवरण देना होगा। विभागीय जांच के बाद एसडीओ द्वारा अधिकतम 7 दिनों के भीतर संबंधित गैस एजेंसी को सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया जाएगा, जिससे शादी समारोहों में गैस की कमी से उत्पन्न संकट को कम किया जा सके।
सरकार के निर्देश के बाद रसोइयों और कैटरर्स के लिए भी नियम सख्त कर दिए गए हैं। अब उन्हें कॉमर्शियल गैस सिलेंडर लेने के लिए अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन कराना होगा। तेल कंपनियां अगले 5 से 7 दिनों के भीतर इस प्रक्रिया को शुरू करने जा रही हैं, ताकि शादी के सीजन में गैस की आपूर्ति व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जा सके।
इधर, घरेलू गैस संकट लगातार गहराता जा रहा है। राजधानी पटना में ही करीब 1.58 लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है, जबकि जिला कंट्रोल रूम में लगातार शिकायतें दर्ज हो रही हैं। जिले की 136 गैस एजेंसियों के माध्यम से लगभग 16.65 लाख उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाती है, लेकिन वर्तमान हालात को देखते हुए घरेलू गैस के नए कनेक्शन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
छात्रों और मजदूरों को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की योजना भी एजेंसियों की उदासीनता के कारण प्रभावी नहीं हो पा रही है। कई स्थानों पर एजेंसियां छोटे सिलेंडर का कनेक्शन देने से बच रही हैं, जिससे जरूरतमंद वर्ग को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं ने सरकार से विशेष कैंप लगाकर इस प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Comment