पटना में बम धमकी से हड़कंप, विधानसभा और सिविल कोर्ट हाई अलर्ट पर

  • पटना में बम धमकी से हड़कंप, विधानसभा और सिविल कोर्ट हाई अलर्ट पर

पटना। राजधानी पटना में शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बिहार विधानसभा और पटना सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी में दावा किया गया कि विधानसभा परिसर में 13 आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 2:15 बजे विस्फोट के लिए तैयार हैं। इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और दोनों संवेदनशील परिसरों को हाई अलर्ट पर रखा गया।
सूचना मिलते ही पटना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता मौके पर पहुंचकर सघन जांच में जुट गए। विधानसभा परिसर और सिविल कोर्ट के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
सिविल कोर्ट को मिली धमकी के संबंध में पीरबहोर थाने की पुलिस ने पुष्टि की है कि ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई है। हालांकि, सुरक्षा जांच के बीच अदालत का कामकाज जारी रखा गया है, लेकिन पूरे परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधानसभा भवन में साइनाइड गैस के साथ 13 आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं और विस्फोट के समय से पहले सभी विधायकों और आम लोगों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में कुछ अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का भी जिक्र किया गया है, जिससे जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पटना सिविल कोर्ट को कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment