- बेतिया SP का योगापट्टी थाना पर ‘एक्शन मोड’! औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही, SI अनिल कुमार पंडित सस्पेंड
बेतिया (पश्चिम चंपारण)।जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर गुरुवार को उस वक्त बड़ा एक्शन देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक ने अचानक योगापट्टी थाना पर धावा बोलते हुए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान लंबित कांडों की गहन समीक्षा की गई, जिसमें कई मामलों में गंभीर लापरवाही और ढिलाई उजागर हुई। अनुसंधान कार्य में सुस्ती और जिम्मेदारीहीनता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने बिना देर किए बड़ा कदम उठाया और योगापट्टी थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार पंडित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूत्रों की मानें तो कई कांड लंबे समय से लंबित पड़े थे और जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही थी, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ रही थी। इसी को लेकर एसपी ने मौके पर ही कड़ा संदेश देते हुए साफ कर दिया कि अब लापरवाही करने वालों की खैर नहीं। निरीक्षण के दौरान मौजूद अन्य अनुसंधानकर्ताओं को भी फटकार लगाई गई और लंबित कांडों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया। एसपी ने चेतावनी दी कि अगर कार्य में सुधार नहीं हुआ तो आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर परिवीक्ष्यमान सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष, अपर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे जिले के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। योगापट्टी थाना से उठी यह कार्रवाई अब अन्य थानों के लिए भी सख्त संदेश बन गई है कि काम में लापरवाही अब भारी पड़ सकती है।
