- सुगौली में एफआईआर के अगले ही दिन ‘चोरी’ की बाइक बरामद, सुगौली स्टेशन कांड ने खड़े किए बड़े सवाल
सुगौली: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के समीप से चोरी हुई बाइक को जीआरपी ने लावारिस हालत में बरामद कर लिया। मामला अरेराज निवासी कौशल कुमार से जुड़ा है, जिन्होंने दर्ज प्रथमिकी में बताया कि अपने भाई को ट्रेन पकड़ाने स्टेशन आए थे। इसी दौरान उनकी बाइक चोरी हो गई। जिसके बाद उन्होंने सुगौली थाना में कांड संख्या 174/26 दर्ज कराया। घटना के अगले ही दिन यानी 27 मार्च 2026 को रेल थाना सुगौली को सर्कुलेटिंग एरिया में एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली। पुलिस ने जब इसकी जानकारी आसपास के थानों में साझा की तो पता चला कि यह वही बाइक है, जो विगत 26 मार्च को दर्ज सुगौली थाना कांड संख्या 174/26, धारा 303(2) BNS के तहत चोरी गई थी। लगातार जांच और प्रक्रिया के बाद 5 अप्रैल 2026 को इस मामले की अनुसंधानकर्ता पुअनि सुरभी कुमारी ने रेल थाना सुगौली से उक्त बरामद मोटरसाइकिल को विधिवत प्राप्त कर लिया। लेकिन सुगौली रेलवे स्टेशन पर दर्ज बाइक चोरी का मामला अब साधारण नहीं रह गया है। घटना के महज एक दिन बाद ही कथित तौर पर चोरी हुई मोटरसाइकिल का उसी स्टेशन परिसर में लावारिस अवस्था में मिलना पूरे प्रकरण को संदेह के घेरे में ला खड़ा करता है। इस मामले ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया। 26 मार्च को एफआईआर और 27 मार्च को रेल थाना सुगौली को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलना। स्थानीय थानों में सूचना साझा करने और जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि यह वही बाइक है, जिसकी चोरी की रिपोर्ट एक दिन पहले दर्ज कराई गई थी। इस पूरे घटनाक्रम ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। आमतौर पर चोरी की वारदात में वाहन को तत्काल मौके से दूर ले जाया जाता है, लेकिन इस मामले में बाइक का उसी परिसर में मिलना जांच को नई दिशा दे रहा है। यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या चोर किसी कारणवश बाइक छोड़कर भाग गया, या फिर यह मामला किसी प्रकार की भूल या लापरवाही से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अब यह मामला सिर्फ बाइक चोरी का नहीं, बल्कि सच्चाई की तह तक पहुंचने की चुनौती बन गया है। एफआईआर के अगले ही दिन बरामदगी ने इस घटना को रहस्यमय बना दिया है—और सभी की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आखिर यह सच में चोरी थी या फिर एक बड़ी चूक।