- घर से गुस्से में निकला नाबालिग, ट्रेन पकड़ने पहुंचा सुगौली रेलवे स्टेशन, पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी
सुगौली: सोमवार को पश्चिम चंपारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र के चौमुख गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक नाबालिग लड़का चंचल यादव का पुत्र संदीप कुमार घर से गुस्से में बिना किसी को बताए निकल पड़ा। परिजनों को बिना सूचना दिए घर छोड़ने के बाद वह सीधे सगौली रेलवे स्टेशन पहुंच गया, जहां वह ट्रेन पकड़कर कहीं दूर जाने की फिराक में था। सगौली रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों की नजर जैसे ही अकेले और घबराए हुए हालत में घूम रहे इस नाबालिग पर पड़ी, उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे रोका और पूछताछ शुरू की। शुरुआत में लड़का सहमा हुआ था, लेकिन पुलिस के समझाने पर उसने अपनी पूरी पहचान और घर का पता बताया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने बिना देर किए उसके परिजनों से संपर्क साधा। सूचना मिलते ही परिजन घबराए हुए सगौली स्टेशन पहुंचे। पुलिस द्वारा सभी जरूरी सत्यापन के बाद नाबालिग को सुरक्षित और सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अगर समय रहते पुलिस की नजर इस नाबालिग पर नहीं पड़ती, तो वह किसी भी अनजान दिशा में निकल सकता था, जिससे कोई बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी। पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय संवेदनशीलता ने एक परिवार को टूटने से बचा लिया। इस पूरी घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसी सतर्कता ही समाज में सुरक्षा का भरोसा कायम करती है।