मोतिहारी जहरीली शराब कांड में बड़ा सरेंडर! मास्टरमाइंड सुनील साह-कन्हैया यादव कोर्ट में हाजिर, पुलिस ने कसा शिकंजा

  • मोतिहारी जहरीली शराब कांड में बड़ा सरेंडर! मास्टरमाइंड सुनील साह–कन्हैया यादव कोर्ट में हाजिर, पुलिस ने कसा शिकंजा

पूर्वी चंपारण: मोतिहारी से इस वक्त की बड़ी अपडेट सामने आ रही है, जहां बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में सरेंडर के बाद तेजी से कार्रवाई आगे बढ़ रही है। कांड के कथित मास्टरमाइंड सुनील साह और कन्हैया यादव ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है, जिसके बाद पूरे मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पण के तुरंत बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट की प्रक्रिया के तहत हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार खुद मौके पर मौजूद हैं और पूछताछ की निगरानी कर रहे हैं। शुरुआती पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगने की बात सामने आ रही है, जिससे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना और बढ़ गई है। सूत्रों की मानें तो पूछताछ के दौरान अवैध शराब के सप्लाई चेन, कच्चे माल की उपलब्धता और वितरण के पूरे रूट को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है। पुलिस अब इस आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान कर रही है और जल्द ही कई और गिरफ्तारी हो सकती है। बताया जा रहा है कि इस कांड में इस्तेमाल की गई जहरीली शराब कहां तैयार हुई और किन-किन माध्यमों से बाजार तक पहुंची, इसकी कड़ियां जोड़ने में पुलिस जुट गई है। साथ ही इस बात की भी जांच तेज कर दी गई है कि इस पूरे खेल में कौन-कौन लोग पर्दे के पीछे से मदद कर रहे थे। इधर, कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। आत्मसमर्पण के बाद से ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब माना जा रहा है कि जहरीली शराब कांड के बड़े नेटवर्क का जल्द खुलासा हो सकता है। आने वाले घंटों में और भी बड़े अपडेट सामने आने की संभावना है, जिससे इस सनसनीखेज मामले की कई परतें खुल सकती हैं।

Leave a Comment