- गैस माफिया पर सर्जिकल स्ट्राइक: सुगौली में SDO का छापा, 8 अप्रैल से 100% होम डिलीवरी अनिवार्य, गोदाम से सीधा वितरण पूरी तरह बंद
पूर्वी चंपारण: मोतिहारी के सुगौली में गैस आपूर्ति को लेकर चल रही अव्यवस्था पर प्रशासन ने बड़ा और कड़ा प्रहार किया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहरा ने अचानक कार्रवाई करते हुए सानु (भारत) गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम पर छापा मारा। उनके साथ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे, जिससे पूरे सिस्टम में हड़कंप मच गया। छापेमारी के बाद एसडीओ ने एजेंसी को सख्त अल्टीमेटम देते हुए साफ कहा—08 अप्रैल 2026 से हर हाल में 100% होम डिलीवरी लागू होगी, और अब किसी भी स्थिति में गोदाम से सीधे सिलेंडर वितरण नहीं किया जाएगा। यानी अब लाइन, सिफारिश और सेटिंग का खेल पूरी तरह खत्म।
लंबित बुकिंग के बोझ को देखते हुए प्रशासन ने नया सख्त नियम लागू किया है—पहले 31 मार्च तक की सभी बुकिंग हर हाल में पूरी की जाए, उसके बाद ही अप्रैल माह की सप्लाई शुरू होगी। अब उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस मिलेगी, न कि पहचान के आधार पर। सिर्फ सख्ती ही नहीं, बल्कि आपूर्ति बढ़ाने के लिए भी बड़ा फैसला लिया गया है। गैस एजेंसी के सिलेंडर आवंटन को दोगुना करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि मांग और सप्लाई के बीच का अंतर खत्म हो सके। एसडीओ निशांत सिहरा ने साफ कर दिया—गैस की कोई कमी नहीं है, बल्कि व्यवस्था की कमी थी, जिसे अब पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी गई है कि प्रशासन की नजर हर गतिविधि पर है। यह कार्रवाई साफ संकेत देती है—अब गैस वितरण में लापरवाही, धांधली और उपभोक्ताओं के साथ खेल बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन पूरी सख्ती के साथ सिस्टम को पटरी पर लाने में जुट चुका है।
