जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस का प्रहार: हरसिद्धि में नदी किनारे चल रहा काला खेल ध्वस्त, 150 लीटर चुलाई शराब बरामद, कारोबारी फरार

  • जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस का प्रहार: नदी किनारे चल रहा काला खेल ध्वस्त, 150 लीटर चुलाई शराब बरामद—कारोबारी फरार

हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण): जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब पुलिस ने अवैध कारोबारियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। जिला प्रशासन के सख्त निर्देश पर तुरकौलिया और हरसिद्धि थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने दामोंवृति चवर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद कर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस टीम ने नदी के रास्ते नाव का सहारा लेकर उस गुप्त ठिकाने तक पहुंच बनाई, जहां झाड़ियों के बीच अवैध शराब बनाने का काला धंधा धड़ल्ले से चल रहा था। छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार शराब, कच्चा माल (पास) और शराब बनाने के उपकरण बरामद कर सबकुछ मौके पर ही नष्ट कर दिया। अपर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि जहरीली शराब कांड के बाद प्रशासन पूरी तरह सख्त है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी—
“अब कोई भी शराब कारोबारी बख्शा नहीं जाएगा, हर हाल में गिरफ्तारी होगी।” इस कार्रवाई में दरोगा अविनाश कुमार के नेतृत्व में दरोगा अंकित कुमार, दरोगा बनाफल, अक्षय कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। लगातार हो रही इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच खौफ का माहौल है, वहीं आम लोगों में भी प्रशासन की सक्रियता को लेकर भरोसा बढ़ा है।

 

हरसिद्धि से ब्रजकिशोर कुशवाहा की रिपोर्ट

Leave a Comment