- हॉस्टल में दरिंदगी का खेल! 5 साल के मासूम से गैंगरेप के बाद हत्या, प्रिंसिपल गिरफ्तार—गार्ड पर भी शक
जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद में कनौदी बायपास स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में 5 साल के मासूम बच्चे के साथ हुई हैवानियत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आरोप है कि बच्चे के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी गई।
मृतक के पिता के बयान पर कड़ौना थाना में गैंगरेप और हत्या समेत पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पिता ने स्कूल के संचालक सह प्रिंसिपल तरुण कुमार उर्फ गांधी और अन्य कर्मचारियों पर इस जघन्य अपराध को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि हॉस्टल के गार्ड को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में एक शिक्षक और दो महिला कर्मियों को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। फिलहाल सुरक्षा गार्ड से गहन पूछताछ जारी है और उसकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। एसपी अपराजित लोहान के अनुसार, जांच में यह सामने आया है कि घटना की रात बच्चा अन्य बच्चों के साथ खाना खाने के बाद रात 11:15 बजे तक टीवी पर मूवी भी देखी थी। सीसीटीवी फुटेज में यह पाया गया कि हॉस्टल में कोई भी बाहरी व्यक्ति रात में नहीं गया था, लेकिन संचालक ने सुरक्षा कर्मी के रहने की बात की जानकारी नहीं दी थी। उन दोनों की भूमिका संदिग्ध लग रही है। स्कूल के जो अन्य कर्मी है उनमें दो महिलाएं हैं। वह सोमवार को सुबह 9:30 बजे के बाद वहां गई थी। साथ ही वहां पढ़ाने वाले एक शिक्षक भी दिन में ही चले गए थे। इसलिए उन तीनों को पूछताछ के बाद पुलिस ने छोड़ दिया। जहानाबाद (कड़ौना) थाने में बीएनएस की धारा 65 (2), 64 ( एफ), 70( 2), 103 के अलावे 4/ 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस केस के अनुसंधानकर्ता थानाध्यक्ष देवकांत वर्मा बनाए गए। इधर फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम की बेहतर रिपोर्ट के लिए सोमवार को जहानाबाद सदर अस्पताल से पटना के पीएमसीएच रेफर किए गए बच्चे के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार की अहले सुबह करीब पांच बजे मेडिकल बोर्ड गठित कर किया गया। इसके बाद शव परिजन को सौंपा गया। रोते-बिलखते परिजन ने मासूम के शव का फतुहा घाट पर अंतिम संस्कार किया। उस वक्त परिजनों का हाल तो बेहाल था ही, गांव से गए अन्य लोग काफी मर्माहत नजर आए। मृत मासूम के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि सोमवार की सुबह 5:20 बजे हॉस्टल सह स्कूल के संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी के द्वारा उनके छोटे बच्चे की तबीयत ज्यादा खराब रहने की मोबाइल फोन से सूचना दी गई और कहा गया कि कनौदी के समीप संचालित महावीर हॉस्पिटल में इलाज के लिए उसे भर्ती कराया गया है। महज 15 मिनट के भीतर पिता समेत परिवार के लोग दौड़े-दौड़े उक्त अस्पताल में पहुंचे। वहां आईसीयू में गंभीर हालत में उनका छोटा बेटा भर्ती था। उसका गला समेत शरीर के अन्य भागों पर कटे का जख्म था। अस्पताल कर्मियों के परामर्श के बाद वे लोग अपने बेटे को पटना के कीर्ति नगर भूतनाथ रोड में संचालित मल्टी केयर हेल्थ प्वाइंट नामक अस्पताल में ले गए, जहां देखते हीं उनके बेटे को मृत घोषित कर दिया गया। प्राथमिकी में मृत बच्चे के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उनका बड़ा बेटा भी उसी स्कूल के हॉस्टल में पहले से रह रहा था। उनके बड़े पुत्र ने उन्हें बताया कि 5 अप्रैल की रात हॉस्टल प्रबंधक सह प्रिंसिपल तरुण कुमार अपने साथ सोने के लिए उनके छोटे बेटे को लेकर चले गए थे। पिता ने सीधा आरोप लगाया है कि शव को देखने से स्पष्ट होता है कि हॉस्टल प्रबंधक और हॉस्टल के अन्य कर्मियों ने उनके बच्चे के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।