पूर्वी चम्पारण। जिला के कोटवा थाने की पुलिस ने चोरी की एक बोलेरो के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इस मामले का मुख्य आरोपी फरार बताया जाता है। गिरफ्तार किया गया आरोपित मच्छरगावाँ बनकटवा निवासी दिनेश प्रसाद बताया गया है। पूछताछ के बाद पुलिस की टीम ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बताया जाता है कि कोटवा थाना की पुलिस को सूचना मिली थी कि मच्छरगावाँ बनकटवा निवासी दिनेश प्रसाद के घर पर चोरी का बोलेरो रखा हुआ है। सूचना के सत्यापन हेतु पुलिस टीम शुक्रवार को करीब 2 बजे उसके घर पहुंची, जहां एक उजले रंग का बोलेरो वाहन खड़ा पाया गया। वाहन की जांच के दौरान बोलेरो का निबन्ध संख्या BR30J1755, चेचिस नंबर MA1PL2GBK92F94578 एवं इंजन नंबर GB94F64723 पाया गया। HHD मशीन से जांच में वाहन का रंग सिल्वर दर्ज मिला, जबकि मौके पर वाहन सफेद रंग का था। संदेह होने पर पुलिस ने HHD में दर्ज वाहन स्वामी मो. असलम से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि उनका वाहन सुरक्षित उनके पास ही है।
पूछताछ के दौरान दिनेश प्रसाद ने स्वीकार किया कि उक्त वाहन चोरी का है और उसने इसे गांव के ही कारी प्रसाद से खरीदा था। उसने बताया कि कारी प्रसाद ने वाहन के रजिस्ट्रेशन, चेचिस और इंजन नंबर में छेड़छाड़ कर उसे बेचा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर दिनेश प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी कारी प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई, लेकिन वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आरोपित को जेल भेज दिया गया है मामले में विधि संवत कार्यवाई की जा रही है।