- हरसिद्धि में पुलिस की तत्परता लाई रंग, मूकबाधिर किशोरी सकुशल परिजनों के पास पहुंची, मां को देख हुई भाउक
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के भाड़ा पंचायत से एक मूकबधिर किशोरी को पुलिस ने बरामद कर सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। किशोरी अपनी पहचान बताने में असमर्थ थी, जिसके कारण शुरुआत में उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि भाड़ा पंचायत में एक मूकबधिर लड़की अकेली खड़ी है, जो न तो बोल पा रही है और न ही इशारों के माध्यम से अपना पता बता पा रही है। सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लड़की को अपने साथ थाने ले आई। थाने पर भी किशोरी अपनी पहचान बताने में असमर्थ रही। इसके बाद पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए उसका फोटो स्थानीय पत्रकारों के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रसारित कराया, ताकि उसकी पहचान हो सके और परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार को किशोरी के परिजन थाने पहुंचे।आवश्यक जांच-पड़ताल और पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।किशोरी की पहचान नेहा कुमारी (15 वर्ष), पिता कृष्णा सहनी, वार्ड संख्या 5, भुसहा, थाना संग्रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस के इस मानवीय कार्य से सराहना हो रही है।
हरसिद्धि से ब्रजकिशोर प्रसाद की रिपोर्ट