- रक्सौल डीएसपी मनीष कुमार ने दिखाई मानवता, सड़क हादसे में घायल युवक की बचाई जान
मोतिहारी : आदापुर थाना क्षेत्र में पुलिस मानवीय चेहरा सामने आया है। थाना क्षेत्र के अर्रा गांव निवासी सानू कुमार पासवान (27 वर्ष), पिता सुनील पासवान, मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के समय सड़क से कई लोग गुजरते रहे, लेकिन किसी ने भी घायल युवक की मदद नहीं की। इसी बीच रक्सौल डीएसपी मनीष कुमार छोड़ादानो थाना से लौट रहे थे। उनकी नजर सड़क पर पड़े घायल युवक पर पड़ी। डीएसपी ने बिना देर किए मानवीय पहल दिखाते हुए घायल को उठाया और तत्काल रक्सौल स्थित SRP मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बच गई। अस्पताल के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार ने भी त्वरित रिस्पॉन्स लेते हुए घायल का इलाज शुरू कराया। डॉक्टरों के अनुसार युवक अब खतरे से बाहर है और इलाज जारी है। डीएसपी मनीष कुमार द्वारा दिखाई गई इस मानवता की मिसाल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग डीएसपी साहब की तारीफ करते हुए उन्हें दुआएं दे रहे हैं। यह घटना एक ओर जहां पुलिस की संवेदनशीलता को दर्शाती है, वहीं समाज को भी यह सोचने पर मजबूर करती है कि जरूरत के समय इंसान की मदद के लिए पुलिस आगे आ जाती है।