- FIR में थे 5 नाम, कोर्ट पहुंची केस डायरी में बढ़ गया एक और आरोपी! थाने के IO पर उठे गंभीर सवाल
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में छतौनी थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दस्तावेजों के आधार पर दावा किया जा रहा है कि जिस भूमि विवाद मामले में अंचल अधिकारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी, उसमें शुरुआत में केवल पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। लेकिन महज एक दिन के भीतर न्यायालय में प्रस्तुत केस डायरी में एक अन्य व्यक्ति का नाम भी जोड़ दिया गया। वायरल दस्तावेजों के अनुसार, न्यायालय ने अतिरिक्त नाम पर आपत्ति जताई और संबंधित व्यक्ति का नाम हटाते हुए मामले पर सवाल उठाए। इसके बाद जांच पदाधिकारी (आईओ) द्वारा जल्दबाजी में हुई त्रुटि स्वीकार करने और संशोधित केस डायरी न्यायालय में प्रस्तुत करने की भी चर्चा है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की जांच प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सोशल मीडिया पर वायरल दस्तावेज सही हैं, तो बिना पर्याप्त जांच किसी व्यक्ति का नाम केस डायरी में जोड़ना न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पूर्वी चंपारण पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वायरल दस्तावेजों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अब सभी की निगाहें पुलिस अधीक्षक पर टिकी हैं कि मामले की जांच कर संबंधित जांच पदाधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला पुलिस की जवाबदेही और निष्पक्ष जांच के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा माना जाएगा।