- छपवा चौक पर बाईपास निर्माण को मिली बड़ी सफलता, गडकरी से सांसद डॉ. संजय जायसवाल की मुलाकात के बाद सिद्धांततः सहमति
- छपवा–बगहा फोरलेन परियोजना को मिलेगी नई रफ्तार, जाम से राहत और क्षेत्रीय विकास की उम्मीदें बढ़ीं
मोतिहारी। पूर्वी एवं पश्चिमी चम्पारण को जोड़ने वाले अत्यंत व्यस्त छपवा चौक पर वर्षों से चली आ रही भीषण जाम की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। पश्चिम चम्पारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर छपवा–बगहा फोरलेन परियोजना के तहत छपवा चौक पर बाईपास निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। इस महत्वपूर्ण बैठक में बाईपास निर्माण के प्रस्ताव पर सिद्धांततः सहमति बन गई, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बैठक के दौरान सांसद डॉ. जायसवाल ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि छपवा चौक पूर्वी एवं पश्चिमी चम्पारण के साथ-साथ नेपाल सीमा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए प्रमुख जंक्शन है। यहां प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिसके कारण अक्सर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम के कारण यात्रियों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि यहां बाईपास का निर्माण होता है तो न केवल जाम की समस्या समाप्त होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी और यात्रा अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगी। बैठक में छपवा–बगहा फोरलेन परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रस्तावित बाईपास के संभावित मार्ग, यातायात दबाव, भविष्य की आवश्यकता तथा परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों ने प्रारंभिक रूपरेखा प्रस्तुत की। केंद्रीय मंत्री ने परियोजना की उपयोगिता को देखते हुए इस पर सकारात्मक रुख अपनाया और सिद्धांततः सहमति प्रदान की। सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बैठक के बाद कहा कि यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास से जुड़ा विषय है। बाईपास बनने से मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, परिवहन लागत घटेगी और निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। साथ ही, स्थानीय लोगों को शहर के भीतर लगने वाले लंबे जाम से भी राहत मिलेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम), सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता, फुलवरिया पंचायत के मुखिया प्रभाकर मिश्रा तथा अवधेश कुशवाहा भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि छपवा चौक पर बाईपास निर्माण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसे शीघ्र स्वीकृति देकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाना चाहिए। यदि यह परियोजना तय समय पर धरातल पर उतरती है, तो छपवा चौक की वर्षों पुरानी जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके साथ ही पूर्वी और पश्चिमी चम्पारण के बीच सड़क संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा नेपाल सीमा की ओर जाने वाले यातायात को भी बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र के लोगों को अब उम्मीद है कि केंद्र सरकार की सकारात्मक पहल के बाद यह बहुप्रतीक्षित बाईपास जल्द ही वास्तविकता का रूप लेगा।