- बगहा में पत्नी की हत्या कर शव को आम के पेड़ से लटकाया, पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा
बगहा/लौरिया। पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कर दिया है। पत्नी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हत्या के बाद शव को आम के पेड़ से लटका दिया था ताकि मामला आत्महत्या प्रतीत हो। बगहा एसपी के अनुसार 10 जून 2026 की रात करीब 11 बजे लौरिया थाना क्षेत्र के नरकटी गांव स्थित आम के बगीचे में एक महिला का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एफएसएल टीम और वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि एक महिला के गले में दुपट्टा बांधकर शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया था। पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। अगले दिन मृतका की पहचान नरकटी गांव निवासी 24 वर्षीय हेमलता कुमारी के रूप में हुई। मृतका के पति का नाम गौतम काजी बताया गया। शव की पहचान होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जब पुलिस मृतका के ससुराल पहुंची तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। इसी दौरान पुलिस को देखकर मृतका का पति गौतम काजी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि 10 जून की शाम किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने लाठी और कुदाल के बेंट से पत्नी की पिटाई कर दी। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। कुछ समय बाद जब उसकी पत्नी भी घर से निकलकर ईंख के खेत की ओर गई तो वह भी उसके पीछे पहुंच गया।पुलिस के अनुसार आरोपी ने स्वीकार किया कि ईंख के खेत में दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पत्नी को पटक दिया और उसकी गर्दन दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह कुछ देर तक छिपा रहा और अंधेरा होने का इंतजार करता रहा। देर रात जब लोगों की आवाजाही कम हो गई तो उसने शव को उठाकर आम के पेड़ के पास ले गया और मृतका के दुपट्टे से गले में फंदा लगाकर पेड़ की डाल से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे और पुलिस को गुमराह किया जा सके। जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वह ईंख का खेत भी चिन्हित किया जहां हत्या की गई थी। साथ ही जिस आम के पेड़ से शव लटकाया गया था, उसकी भी पहचान कराई गई। घटनास्थल के समीप से पुलिस ने एक बिहार ग्रामीण बैंक की पासबुक भी बरामद की है, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हत्या को आत्महत्या का रूप देने की आरोपी की कोशिश पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गहन जांच के सामने ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।