बिजली विभाग में करंट मार गई निगरानी की रेड, 20 हजार की रिश्वत लेते AE विजेंद्र कुमार गिरफ्तार

  • बिजली विभाग में करंट मार गई निगरानी की रेड, 20 हजार की रिश्वत लेते AE विजेंद्र कुमार गिरफ्तार

बांका: भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) के रजौन (बांका) में तैनात सहायक विद्युत अभियंता (AE) विजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, एक उपभोक्ता से कार्य निष्पादन के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद निगरानी की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही विजेंद्र कुमार ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। इसके बाद निगरानी अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी अभियंता को अपने साथ ले गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने की कोशिशें तेज हुई हैं। वहीं इस घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment