मोतिहारी में कुर्की की दस्तक से टूटा शराब कारोबारी का गुरूर, पुलिस पहुंची घर तो कोर्ट में जाकर किया आत्मसमर्पण

  • कुर्की की दस्तक से टूटा शराब कारोबारी का गुरूर, पुलिस पहुंची घर तो कोर्ट में जाकर किया आत्मसमर्पण
  • एसपी स्वर्ण प्रभात की सख्ती का दिखा असर, कुर्की-जब्ती की कार्रवाई से पहले ही फरार अभियुक्त ने किया सरेंडर

तुरकौलिया/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण में अपराध और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान का असर अब जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जिले के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चल रही लगातार सख्त कार्रवाई के कारण फरार अपराधियों और शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी कड़ी में तुरकौलिया थाना क्षेत्र के एक शराब कारोबार मामले में फरार चल रहा प्राथमिक अभियुक्त पुलिस के बढ़ते दबाव के आगे झुक गया और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू होने से पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी के अनुसार, तुरकौलिया थाना कांड का प्राथमिक अभियुक्त राजकुमार, निवासी शंकर सरैया, लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह कानून से बचने का प्रयास कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय के आदेश के तहत कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शनिवार को तुरकौलिया थानाध्यक्ष सम्पत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अभियुक्त के घर कुर्की करने पहुंची। टीम में एसआई रवि रंजन कुमार, एसआई संतोषी कुमारी, एएसआई संतोष पटेल, पुलिस बल एवं चौकीदार शामिल थे। पुलिस की कार्रवाई और कुर्की की तैयारी की सूचना मिलते ही आरोपी के बीच बेचैनी बढ़ गई और अंततः उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जिले में हाल के महीनों में एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, शराब तस्करी पर अंकुश और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। कुर्की-जब्ती, संपत्ति जब्ती, त्वरित छापेमारी और तकनीकी निगरानी जैसी रणनीतियों के कारण अपराधियों पर लगातार दबाव बढ़ा है। यही कारण है कि अब कई फरार अभियुक्त गिरफ्तारी और कुर्की की कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं न्यायालय की शरण लेने को मजबूर हो रहे हैं।पुलिस महकमे में भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि एसपी स्वर्ण प्रभात की कड़ी मॉनिटरिंग और परिणाम आधारित पुलिसिंग के चलते जिले में कानून का डर मजबूत हुआ है। शराब कारोबार, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है, जबकि अपराधियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून से भागने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment