- सुगौली में VIDEO वायरल होते ही पुलिस की रेड, 180 लीटर शराब के साथ तीन गिरफ्तार
मोतिहारी/सुगौली : सुगौली थाना क्षेत्र के मुसवा भेड़ियारी गांव में अवैध देसी चुलाई शराब निर्माण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आनन-फानन में छापेमारी अभियान चलाया गया। वायरल वीडियो में खुलेआम शराब बनाने के लिए भट्ठियां जलती हुई दिखाई दे रही थीं, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 180 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की तथा तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में नरेंद्र सहनी पिता राजेंद्र सहनी, महेश सहनी पिता रामदयाल सहनी एवं सुकट सहनी पिता रामाशीष सहनी शामिल हैं। सभी आरोपी भेड़ियारी गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने मौके पर शराब निर्माण में उपयोग हो रही भट्ठियों और पास को भी नष्ट कर दिया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब यही उठ रहा है कि जब गांव में खुलेआम शराब बनाई जा रही थी और भट्ठियां लगातार जल रही थीं, तब स्थानीय पुलिस आखिर चुप क्यों थी? ग्रामीणों के अनुसार इलाके में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था और इसकी जानकारी स्थानीय स्तर पर सभी को थी। बावजूद इसके कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। अब वीडियो वायरल होने के बाद अचानक हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर वीडियो सामने नहीं आता तो शायद यह धंधा यूं ही चलता रहता। लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि आखिर किसके संरक्षण में यह कारोबार फल-फूल रहा था। कई ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब शराब निर्माण का काम खुलेआम हो रहा था तो पुलिस को इसकी भनक कैसे नहीं लगी। वहीं कुछ लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल दबाव बढ़ने के बाद कार्रवाई करती है, जबकि जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी और सख्ती की जरूरत है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। हालांकि वायरल वीडियो के बाद हुई इस कार्रवाई ने पुलिस की सक्रियता और पहले की चुप्पी दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है।