- मोतिहारी में गर्मी का रेड अलर्ट, DM के आदेश से स्कूल-कोचिंग के समय में बड़ा बदलाव
पूर्वी चंपारण: मोतिहारी में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली धूप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला अधिकारी ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों में दिन के 11 बजे के बाद शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक रहेगी। इसके साथ ही जिले की सभी कोचिंग संस्थाओं को भी सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश 31 मई तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि इन दिनों तापमान लगातार खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। खासकर छोटे बच्चों और किशोर छात्रों को देखते हुए यह निर्णय एहतियातन लिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। जिला प्रशासन ने सभी स्कूल संचालकों, निजी शिक्षण संस्थानों और कोचिंग संचालकों को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। वहीं अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचाएं और पर्याप्त पानी, ओआरएस व हल्के भोजन का ध्यान रखें। गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाओं और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है। जिले में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज धूप के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय बाजार और सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं तथा लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जिला प्रशासन के इस फैसले को लेकर अभिभावकों में राहत देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है और प्रशासन का यह कदम समयानुकूल और आवश्यक है।