मोतीहारी में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती: थाना से कुछ ही दूरी पर SBI एटीएम काटकर उठा ले गए चोर, गश्ती दल पर कार्यवाई, SIT गठित

  • मोतीहारी में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती: थाना से कुछ ही दूरी पर SBI एटीएम काटकर उठा ले गए चोर, गश्ती दल पर कार्यवाई, SIT गठित

मोतिहारी: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर कानून-व्यवस्था की पोल खोलता नजर आया है। मोतिहारी जिले से सामने आई यह सनसनीखेज वारदात न सिर्फ पुलिस गश्ती व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है, बल्कि सिस्टम की गंभीर लापरवाही को भी उजागर करती है।
रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेन रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का एटीएम, जो थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित बताया जा रहा है, उसे अज्ञात शातिर चोरों ने देर रात पूरी योजना के साथ निशाना बनाया। चोरों ने गैस कटर जैसे उपकरणों से एटीएम मशीन को काटकर उसे अपने साथ ले जाने तक का दुस्साहस कर दिया और आसानी से मौके से फरार हो गए।
सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि यह वारदात उसी क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की नियमित गश्ती का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत में अपराधियों ने बेखौफ होकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया।
सूत्रों के अनुसार, एटीएम में कितनी नकदी थी, इसका सही आकलन बैंक के कैश मिलान के बाद ही हो पाएगा, लेकिन शुरुआती अनुमान में लाखों रुपये की राशि होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
इसी बीच मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सख्त रुख अपनाते हुए गश्ती में शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर दी है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसपी ने साफ संदेश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जिसे इस हाई-प्रोफाइल एटीएम लूटकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने का जिम्मा सौंपा गया है। टीम को आसपास के सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है।
सबसे बड़ी चूक यह सामने आई है कि बैंक का अलार्म सिस्टम खराब था, जिसके कारण पुलिस को कोई अलर्ट नहीं मिला और अपराधियों को वारदात को अंजाम देने में पूरी सहूलियत मिल गई।
फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित एटीएम सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। पुलिस अब हर एंगल से जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Leave a Comment