बेतिया में CSC व आधार केंद्रों पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, औचक जांच में गड़बड़ियों का खुलासा, कार्रवाई के संकेत

  • बेतिया में CSC व आधार केंद्रों पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, औचक जांच में गड़बड़ियों का खुलासा, कार्रवाई के संकेत

पश्चिम चंपारण: जिले में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और आधार नामांकन/अपडेट केंद्रों पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर औचक जांच अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान ने पूरे सिस्टम में हड़कंप मचा दिया। जिलास्तर से लेकर अनुमंडल और प्रखंड स्तर तक के अधिकारियों की टीमों ने एक साथ कई केंद्रों पर दबिश देकर उनकी कार्यप्रणाली की गहन पड़ताल की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने सेवा की गुणवत्ता, आधार नामांकन और अपडेट की प्रक्रिया, उपकरणों की उपलब्धता, आम लोगों को दी जा रही सुविधाओं के साथ-साथ निर्धारित शुल्क की वसूली की भी बारीकी से जांच की। कई केंद्रों पर नियमों के उल्लंघन और लापरवाही के संकेत मिलने पर संचालकों को मौके पर ही फटकार लगाई गई और कड़े निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सरकार द्वारा तय शुल्क से अधिक राशि वसूलना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई तय है। सूत्रों के अनुसार, कुछ केंद्रों पर मिली अनियमितताओं की रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस अभियान के जरिए प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि आम जनता को मिलने वाली सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी केंद्र पर तय शुल्क से अधिक राशि मांगी जाती है या सेवा में लापरवाही बरती जाती है, तो इसकी शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment