भूसा बना “सोना”! हरसिद्धि में 14 हजार प्रति ट्रेलर तक पहुंची कीमत, पशुपालक बेहाल

  • भूसा बना “सोना”! हरसिद्धि में 14 हजार प्रति ट्रेलर तक पहुंची कीमत, पशुपालक बेहाल

हरसिद्धि: प्रखंड क्षेत्र में इस साल गेहूं से ज्यादा उसके भूसे की डिमांड ने बाजार का पूरा गणित बदल दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि जहां पहले किसान अनाज उत्पादन पर फोकस करते थे, वहीं अब पशुपालकों के लिए भूसा सबसे अहम जरूरत बन चुका है।
बढ़ती मांग के चलते भूसे के दाम आसमान छू रहे हैं। वर्तमान में एक ट्रेलर भूसा 12 हजार से 14 हजार रुपये तक बिक रहा है, जबकि स्थानीय स्तर पर इसकी कीमत 500 रुपये प्रति कट्ठा तक पहुंच गई है।
स्थिति यह है कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र से रोजाना सैकड़ों छोटी-बड़ी गाड़ियां—साइकिल, ठेला और ट्रैक्टर—रामगढ़वा और नेपाल सीमा इलाके से भूसा लाने में जुटी हैं। खास बात यह है कि जैसे ही गाड़ियां लौटती हैं, पहले से इंतजार कर रहे खरीदार भूसे को हाथों-हाथ खरीद लेते हैं।
स्थानीय पशुपालक शिवजी प्रसाद बताते हैं कि इस बार उन्होंने गेहूं की खेती नहीं की, लेकिन अपनी दो गायों के लिए चारे की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन गया है। मजबूरी में उन्हें 12 हजार रुपये प्रति ट्रेलर की दर से भूसा खरीदना पड़ा। उनका कहना है कि आज इंसानों के लिए अनाज मिलना आसान है, लेकिन पशुओं के लिए चारा जुटाना मुश्किल होता जा रहा है।
किसानों की मानें तो बढ़ती खेती लागत, मौसम की अनिश्चितता और कम मुनाफे ने गेहूं की बुवाई को प्रभावित किया है। इसका सीधा असर भूसे की उपलब्धता पर पड़ा है, जिससे बाजार में किल्लत बढ़ गई है।
विशेषज्ञों की चेतावनी भी चिंताजनक है—अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में पशुपालन पर इसका सीधा असर पड़ेगा। फिलहाल हरसिद्धि में भूसा “सोने से महंगा” बन चुका है और इसकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है।

Leave a Comment